अटल है एनडीए की जीत

प्रमुख समाचार शनिवार, २८ अप्रैल २००९

भाजपा के प्रचार को लगे पर

नई दिल्ली। शुभ मुहूर्त देखते हुए शुक्रवार को भाजपा ने मिशन 2009 के लिए धुआंधार प्रचार अभियान का आगाज कर दिया। वर्ष प्रतिपदा, यानी हिंदू संवत्सर के पहले दिन शुरू हुआ अभियान लगभग डेढ़ महीने चलेगा। इस अभियान में भाजपा के लगभग दर्जन भर केंद्रीय व इतने ही राज्य स्तरीय प्रमुख नेता लगभग दो दर्जन चार्टर्ड विमानों व हेलीकाप्टरों से देश भर में प्रचार करेंगे।

अभी तक भाजपा ने आठ छोटे विमान व 11 हेलीकाप्टर प्रचार अभियान के लिए जुटाये हैं। यह संख्या बढ़ सकती है। पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार लालकृष्ण आडवाणी व पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह आधुनिक सुविधाओं से लैस छोटे विमानों से प्रचार अभियान पर निकल पड़े हैं। आडवाणी हाकर व राजनाथ सिंह साइटेशन कंपनी के छोटे विमान पर सवार रहेंगे।

अरुण जेटली, वेंकैया नायडू, सुषमा स्वराज, नरेंद्र मोदी जैसे प्रमुख नेता भी विमानों व हेलीकाप्टर से देश भर में उड़ान भर कर दूरदराज तक पार्टी के लिए वोट जुटाएंगे। जो बड़े नेता चुनाव लड़ रहे हैं, वे भी समय निकाल कर दूसरे नेताओं के क्षेत्र में प्रचार करने जाएंगे।

भाजपा ने प्रचार अभियान की शुरुआत पांच क्षेत्रों में एक साथ पांच प्रमुख केंद्रीय नेताओं की सभाएं कर की है। आडवाणी ने पश्चिम में गांधीनगर, राजनाथ सिंह ने उत्तर में जम्मू, अरुण जेटली ने पूर्व में गया, सुषमा स्वराज ने मध्य में भोपाल और वेंकैया नायडू ने दक्षिण में बेंगलूर में सभाएं कर धुआंधार अभियान की बानगी पेश की है। अभियान में प्रमुख नेताओं के साथ राज्यों के क्षत्रप भी जुड़ेंगे। केंद्रीय मुख्यालय में बने चुनाव प्रबंधन समन्वय कक्ष के काम में भी तेजी आ गई है।

यूपीए अवसरवादियों की जमात

गया। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और बिहार प्रभारी अरुण जेटली ने शुक्रवार को बुद्ध की धरती गया से पार्टी का चुनावी बिगुल फूंकते हुए कहा कि केन्द्र में सत्तासीन यूपीए वास्तव में अवसरवादियों की जमात है। ऐन चुनाव के मौके पर यूपीए बिहार व झारखंड सहित कई राज्यों में बिखर चुका है। इसके विपरीत राजग एकजुट है। श्री जेटली ने दावा किया कि बिहार में नीतीश शासन सुशासन का रूप ले चुका है।


कांग्रेस नेता पर लटकी सांप्रदायिक राजनीति की तलवार

शुक्रवार को चुनाव आयोग ने कांग्रेस के अखिल भारतीय अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष इमरान किदवई को नोटिस भेजा है। यह नोटिस चंडीगढ़ में दिए गए उनके चुनावी भाषण को दो समुदायों के बीच वैमनस्य बढ़ाने वाला करार देते हुए जारी किया गया है। किदवई को दो दिन में इसका जवाब भेजना होगा। एक दिन पहले ही कांग्रेस ने पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति जार्ज बुश का सिर कलम करने पर इनाम देने की घोषणा करने वाले तौकीर रजा खान से हाथ भी मिलाया है।

(सौजन्यः दैनिक जागरण)